
झंझारपुर, मधुबनी देशज टाइम्स। पार्वती लक्ष्मी कन्या हाई स्कूल की छात्रा सुमिति कुमारी को वर्ष 2022 की वार्षिक इंटर विज्ञान की परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने के लिए अनुमंडल के कनकपुरा गांव निवासी रुद्रनाथ दास एवं राजेंद्र कुमार दास ने उमा मन्दोदरी स्मृति छात्रवृति योजना के तहत पुरस्कृत किया है।
संस्था की ओर से छात्रा सुमिति को एक प्रशस्ति पत्र एवं पंद्रह सौ रुपये नगद राशि प्रदान करते हुए श्री दास ने कहा कि उमा मंदोदरी संस्था की ओर से हर वर्ष पार्वती लक्ष्मी कन्या हाई स्कूल झंझारपुर एवं चनौरागंज हाई स्कूल के उन छात्र छात्राओं को जो विद्यालय स्तर पर सर्वाधिक अंक प्राप्त करते हैं उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संस्था उसे पुरस्कृत करती है।
उन्होंने छात्रा को पुरस्कृत करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। बताते चलें कि सुमिति नगर परिषद झंझारपुर के वार्ड 07 की निवर्तमान पार्षद किरण वर्णवाल व पिता सदन चन्द्र की पुत्री है। इन्होंने वार्षिक इंटर विज्ञान की परीक्षा में विद्यालय स्तर पर सर्वाधिक 85 प्रतिशत अंक प्राप्त की है।
इस मौके पर विद्यालय के प्रभारी एचएम डॉ. अनिल ठाकुर, सदन चंद्र, राजेंद्र कुमार दास, रुद्रनाथ दास के अलावा विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित थे।


