

घनश्यामपुर देशज टाइम्स न्यूज। खेती बारी के मौसम में बाजार में उर्वरक की कमी रहने से किसान परेशान हैं। प्रखंड में खाद के लिए किसानों के बीच मारामारी मची हुई है। स्थिति इतनी भयावह है कि किसानों को बाजार में यूरिया, डीएपी पोटाश खाद के लिए एक गांव से दूसरे गांव भटकना पड़ रहा हैं।
खाद बीज विक्रेताओं को जिला से जो खाद आवंटित की जाती है वह मांग की तुलना में इतना कम है कि बाजार में एक दिन भी नहीं टिक पाता है। जानकारी के अनुसार 4 सितंबर को घनश्यामपुर प्रखंड के 11 पंचायत तथा एक नगर पंचायत के लिए मात्र 885 बैग यूरिया का आवंटन मिला। एक सप्ताह से खाद के लिए भटक रहे किसानों ने 6 बजे सुबह से ही खाद दुकान के बाहर लाइन लगा दी।
पाली बाजार में शंकर खाद बीज भंडार के सामने 6 बजे सुबह से किसानों की कतार में इतनी भीड़ जमा हो गई कि मुख्य सड़क जाम हो गया। दुकान खुलने के बाद दिन के 11 बजे के करीब जिला से आईडी मिलने के बाद वितरण शुरू किया गया।
दुकान के बाहर दर्जनों किसानों की भीड़ जमा थी तथा पाली शंकर खाद बीज भंडार को मात्र 130 यूरिया मिला था। बारिश के कारण बाजार में यूरिया की मांग बढ़ गई है और दुकान में खाद नदारद है। इस बीच शिवनगर घाट रसियारी पीडब्ल्यूडी सड़क की किसानों की भीड़ के कारण जाम हो जाने से राहगीर परेशान हो उठे।
जाम की सूचना मिलते ही अवर निरीक्षक शशि भूषण सिंह तथा बीएओ नागेंद्र कुमार ने वितरण स्थल पर पहुंचकर किसानों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। इस संबंध में पूछने पर बीएओ नागेंद्र कुमार ने बताया कि जिला से घनश्यामपुर प्रखंड को 885 बैग यूरिया मिला है। बारी-बारी से सभी जरूरतमंद किसानों को खाद मिल जाएगा।


