
सीबीआई ने तेजस्वी यादव के प्राइवेट सेक्रेटरी संजय यादव से लैंड फोर जॉब मामले में पूछताछ की है। जमीन के बदले नौकरी देने के मामले में सीबीआई ने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी के निजी सचिव संजय यादव से घंटों पूछताछ करते हुए कई सवाल दागे।
यह कथित घोटाला लालू प्रसाद के मंत्री रहने के दौरान का है। जानकारी देते अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई की ओर से तेजस्वी के पिता लालू प्रसाद, मां राबड़ी देवी और बहन मीसा भारती के खिलाफ मामले में आरोप पत्र दाखिल करने के एक दिन बाद संजय यादव को शनिवार को एजेंसी के समक्ष पेश होने के लिए तलब किया गया था।
संजय यादव को तीसरी बार समन जारी किया गया। जिसके बाद पूछताछ की गयी। बता दें कि लालू के बेहद करीबी और ओएसडी रहे भोला यादव को गिरफ्तार कर सीबीआई पूछताछ कर चुकी है। मामला यूपीए-1 सरकार में लालू यादव के रेल मंत्री रहने के दौरान का है।
सीबीआई ने इसी साल 18 मई को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी। एफआईआर में लालू यादव समेत उनके परिवार के चार लोगों को आरोपी बनाया गया है। सीबीआई ने 23 सितंबर, 2021 को रेलवे में कथित भूमि के बदले नौकरी घोटाले से संबंधित प्रारंभिक जांच दर्ज की थी।
अधिकारियों ने बताया कि संजय यादव को पहले भी तलब किया गया था, लेकिन उन्होंने सीबीआई के नोटिस को दिल्ली उच्च न्यायालय के समक्ष चुनौती दी थी। अधिकारियों ने बताया कि संजय यादव ने 2015 में तेजस्वी के उप मुख्यमंत्री रहने के दौरान भी उनके निजी सचिव के तौर पर काम किया था।


