
फोटो :- बेनीपट्टी के बररी में घर में लगी आग
बेनीपट्टी, मधुबनी देशज टाइम्स। बेनीपट्टी के बररी गांव में बीते शक्रवार की देर रात अगलगी की घटना हुई है। जिसमें फूस के घर में संचालित दवा दुकान घर सहित व एक अन्य भूसा घर जलकर राख हो गए। स्थानीय लोगों के प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका।
हालांकि, जब तक ग्रामीण जुटे और अपने स्तर से आग बुझा पाये तब तक सब कुछ जलकर नष्ट हो गया। अगलगी की घटना में करीब ढाई लाख का नुकसान होने की बात अग्निपीड़ितों के द्वारा बतायी जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बररी गांव के अरविंद कुमार मिश्र के आवासीय परिसर स्थित एक फूस के घर में संचालित दवा की दुकान में आग लग गयी और दुकान में रखी दवा सहित अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गये।
वहीं अगलगी की दूसरी घटना में उसी गांव के पिंटू मिश्रा का भूसा घर भी जलकर राख हो गया। इस संबंध में अग्नि पीड़ित अरविंद कुमार मिश्र एवं पिंटू मिश्रा ने गांव के ही रॉकी कुमार पर अन्य दो लोगों के साथ साजिश रचकर घरों में आग लगाने का आरोप लगाते हुए बेनीपट्टी थाना को आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की गुहार लगाई है।
वहीं, रॉकी कुमार ने लगाये गये आरोपों को बेबुनियाद बताया है। इधर, बेनीपट्टी थाना पुलिस अगलगी की इस घटना की जांच में जुट गयी है।







