राजद सुप्रीमो लालू यादव आज सिंगापुर जाएंगे। सिंगापुर में उनका किडनी ट्रांसप्लांट होना है। करीब डेढ़ दर्जन से भी अधिक बीमारियों से जुझ रहे लालू का सिंगापुर में ही किडनी का ट्रांसप्लांट होना है। हालांकि सिंगापुर में चिकित्सकों ने अभी उन्हें इसके लिए एक निश्चित तारीख नहीं दी है। किडनी ट्रांसप्लांट की तारीख डॉक्टरों की उनके स्वास्थ्य के औपचारिक परीक्षण के बाद मिलेगी। इधर, सिंगापुर जाने से पहले उन्होंने राजद की कमेटी का गठन कर दिया है। इसमें अब्दुल बारी सिद्दकी, भोला यादव, ललित यादव को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पढ़िए पूरी खबर
राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव आज यानी शुक्रवार को सिंगापुर के लिए रवाना हो रहे हैं। जहां, उनका किडनी ट्रांसप्लांट होना है। उनके बेटे तेजस्वी यादव, बड़ी बेटी और राज्यसभा सदस्य मीसा भारती और पूर्व मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी राबड़ी देवी भी सिंगापुर जा सकती हैं।
तेजस्वी गुरुवार को ही पत्नी राजश्री के साथ दिल्ली पहुंच चुके हैं। लालू प्रसाद को उनकी बेटी रोहिणी आचार्य अपनी किडनी डोनेट करेंगी। इधर, सिंगापुर जाने से पहले उन्होंने राजद की राष्ट्रीय कमेटी का गठन कर दिया है।
इस राजद की नई कमेटी में कुल 27 राजद नेताओं को जगह मिली है। 27 सदस्यीय इस कमेटी में चार को उपाध्यक्ष, एक को प्रधान महासचिव, दस को महासचिव, बारह को सचिव और एक को कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
इस कमेटी में पूर्व मुख्यमंत्री और लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष पद में बदलवा को लेकर कोई भी फैसला नहीं लिया गया है।
ऐसा माना जा रहा था कि जगदानंद सिंह की नाराजगी के कारण लालू यादव उनकी जगह पर अब्दुल बारी सिद्दकी को प्रदेश अध्यक्ष बनाएंगे। लेकिन ऐसा हुआ नहीं है फिलहाल जगदानंद सिंह ही प्रदेश अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। इसमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में राबड़ी देवी, शिवानंद तिवारी, उदय नारायण चौधरी, देवेंद्र प्रसाद यादव शामिल किए गए हैं।
इसके अलावे राष्ट्रीय महासचिव के रूप में अब्दुल बारी सिद्दकी (प्रधान महासचिव),जय प्रकाश नारायण यादव,कांति सिंह, श्याम रजक, भोला यादव, ललित कुमार यादव,कुमार सर्वजीत,सैयद फैसल अली,सुखदेव पासवान,सुशीला मोराले,अलख निरंजन बनाए गए हैं।
वहीं, बतौर राष्ट्रीय सचिव कार्तिकेय सिंह, भरत बिंद,भरत भूषण मंडल,संगीता कुमारी,यदुवंश कुमार यादव,घूरन राम, डॉ. लाल रत्नाकर,विजय वर्मा,मो. सत्तार,आनंद नायडू,संतोष कुमार जायसवाल,संजय ठाकुर शामिल हैं। वहीं, कोषाध्यक्ष के रूप में एमएलसी सुनील कुमार सिंह को शामिल किया गया।