मुजफ्फरपुर से बड़ी खबर है जहां जिले के मनियारी थाने के बाघी स्थित स्टेट मंदिर के मुख्य पुजारी अरविंद कुमार उर्फ मुनचुन झा (50 वर्ष) की अपराधियों ने बेरहमी से हत्या कर दी।
हाथ-पैर बांधकर पूरे शरीर को चाकू से गोद दिया। पेट चीरकर आंत तक निकाल दी। इसके बाद शव को धोती में लपेटकर मंदिर से करीब 350 मीटर दूर चौर में पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया। मामला जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के बाघी गांव का हैं।
इधर, अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया है। मौके पर पहुची पुलिस लोगो को समझाने का प्रयास कर रही है। इसके अतिरिक्त पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, बथना परैया निवासी अरविंद कुमार झा उर्फ मुनटुन झा गांव में पूजा पाठ किया करते थे। गांव की महिला ने कहा कि वह मंदिर साफ करने जा रही थी, लेकिन पुजारी का कमरा खुला हुआ था। उन्हें लगा कि पुजारी दरवाजा खोलकर चले गए होंगे। इसी बीच उन्हें सूचना मिली की स्कूल के पीछे स्थित पोखर में पुजारी का शव बरामद हुआ है।
पुजारी के हाथ पैर बंधे थे, जबकि शव के साथ पत्थर भी बांधे गए थे ताकि शव पानी के बाहर नहीं आ सकें। घटना की जानकारी पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना मनियारी थाने की पुलिस को दी।
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। लोगों ने आशंका जताई पुजारी की हत्या कर उनकी लाश को बांधकर पोखर में फेंका गया है।