
संजय कुमार राय, दरभंगा देशज टाइम्स अपराध ब्यूरो। जिले में प्रशासनिक कुव्यवस्था के कारण आम लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सरकार ने आम लोगों की शिकायत के निवारण के लिये अलग से “लोक शिकायत कोषांग” का गठन किया।
लोगों को काफी सहूलियत हुई। लोग शिकायत करने भी आते हैं। लेकिन, अब देखा जा रहा हैं कि लोक शिकायत कोषांग के पदाधिकारियों की ओर से जांचों उपरांत कोई निर्देश दिया जाता है तो कनीय पदाधिकारी इस पर अमल नहीं करते हैंं। और, पीड़ित की परेशानी और भी बढ़ जाती है।
ऐसा ही मामला हैं बहेड़ी प्रखंड के समधपुरा गांव का। जहां, दबंगों ने अपनी दबंगई से पीडब्ल्यूडी की जमीन पर जबरन दुकान बना लिया। और पीछे की जमीन मालिक को अब रास्ता ही नहीं दे रहा है, जबकि, उसके जमीन के सामने सड़क हैं।
इस मामले को लेकर ललन मिश्र ने अनुमंडलीय लोक शिकायत पदाधिकारी के यहां न्याय की गुहार लगायी थी। इस बाबत अंचलाधिकारी की मौजूदगी में सुनवाई भी हुई थी। सुनवाई के दौरान मामला सामने आया था कि वास्तव में पीडब्ल्यूडी सड़क पर रंजीत सिंह और जय राम मंडल जबरन कब्जा किये हुये हैं।
अनुमंडलीय निवारण शिकायत पदाधिकारी ने बहेड़ी के अंचलाधिकारी को उक्त जमीन से अतिक्रमण मुक्त कराने के लिये कहा था लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी अंचलाधिकारी बहेड़ी की ओर से अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया गया है। इस कारण, पीड़ित पक्ष काफी परेशान हैं। अब सवाल उठता है कि पीड़ित लोग आखिर न्याय के लिये जाएं तो कहां जाएं?






