
आज बिहार विधानसभा के बजट सत्र का तीसरा दिन है। बजट सत्र के तीसरे दिन प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के विधायकों ने खूब हंगामा किया। बीजेपी के सदस्य वेल में पहुंचकर पोस्टर लहराने लगे।
जानकारी के अनुसार, सत्र पांच अप्रैल तक चलेगा। वही आज के सत्र में बीजेपी ने विधानसभा के अंदर गलवान में सेना के अपमान का मुद्दा उठाया। इस दौरान पोस्टर लेकर सदन के पोर्टिको के बाहर हंगामा किया। इसके साथ ही साथ भाजपा यह नारा भी लगा रही है कि शहीदों का अपमान हिंदुस्तान नहीं सहेगा।
बीजेपी का यह हंगामा इतना बढ़ गया कि वह टेबल-चेयर फेंकने पर उतर आये। इसके साथ ही बीजेपी विधायकों ने सदन के अंदर रिपोर्टिंग टेबल और कुर्सी को उठाकर फेंकने की कोशिश की। जिसके बाद विधानसभा में 11 मार्शल की टीम विपक्ष के हंगामे के दौरान रिपोर्टिंग टेबल को बचाने में जुटी रही। 40 से अधिक बीजेपी के विधायक लगातार रिपोर्टिंग टेबल को तोड़ने की कोशिश कर रहे थे।
विधायकों ने सरकार के खिलाफ हंगामा किया। बिहार में अपराध और पुलिसिया जुल्म के खिलाफ विधायक हंगामा कर रहे थे। इस बीच स्पीकर ने प्रश्नकाल को शुरू करा दिया। इसके बाद बीजेपी के सदस्य आक्रोशित हो गए और वेल में कुर्सी उठाकर हंगामा करने लगे।
विधायकों ने कुर्सी उठाई तो स्पीकर ने प्रदर्शन कर रहे विधायकों को चेताया। कहा कि यह सही नहीं है। इसके बाद मार्शल को कहा कि कुर्सी को सही जगह पर रखें। स्पीकर ने कहा कि अगर यही रवैया रहा तो कार्रवाई करने पर उन्हें विवश होना पड़ेगा।
इस हंगामे को देखते हुए विधानसभा के स्पीकर अवध बिहारी चौधरी ने सीधे तौर पर बीजेपी विधायक संजय सिंह को कहा कि अगर उनका आचरण ठीक नहीं हुआ तो उनपर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि दूसरी ओर पूर्व मंत्री नीरज बबलू भी लगातार मेज पर रखें साउंड सिस्टम को पटकते दिखे। वहीं, प्रश्नकाल और शून्यकाल पर चर्चा हुई। प्रश्नकाल के दौरान बीजेपी विधायकों ने गलवान शहीद के अपमान का मुद्दा उठाते हुए जमकर हंगामा किया। इसके बाद विपक्ष ने सदन का बायकॉट कर दिया।
बिहार में लगातार बढ़ रहे अपराध को लेकर और पुलिसिया जुल्म के खिलाफ विपक्षी विधायक हंगामा कर रहे थे। सदन के बाहर भी विपक्ष के नेता हंगामा करते नजर आये। हाथों में बैनर पोस्टर लेकर विधायक सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।





