जाले, देशज टाइम्स। सड़क किनारे से गुजर रहे ट्रक ग्यारह हजार वोल्ट बिजली तार की चपेट में मंगलवार को आ गया। इससे करंट से ट्रक चालक व खलासी गंभीर रूप से झुलस गए। ट्रक से चिंगारी निकलने लगी।आग निकलते देख स्थानीय लोग ट्रक के पास पहुंचे। सूखी लकड़ी व बांस से किसी तरह दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को बिजली करंट से बाहर निकाला। लोगों ने देखा कि ट्रक चालक स्टेरिंग थामे बुरी तरह से झुलस कर स्टेरिंग पर ही बेहोश पड़ा है। वहीं, खलासी भी झुलसा था, लेकिन उसकी हालत चालक से कमतर कम खराब थी। दोनों ही जख्मी को तत्काल लोगों ने सीमावर्ती सीतामढ़ी जिला के पुपरी पीएचसी में इलाज के लिए पहुंचाया। लेकिन दोनों की हालत गंभीर देख एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया है। यह घटना जाले थाना क्षेत्र के घोघराहा चंदौना के बीच भुतही के निकट की है। जानकारी के अनुसार, अति व्यस्तम राजकीय उच्चपथ 57 सीतामढ़ी रहिका पथ के किनारे से ग्यारह हजार बिजली लाइन गुजरा है जिसकी तार सड़क से बेहद सटा है।
दुर्घटना स्थल पर बिजली का तार सड़क से मात्र एक से डेढ़ मीटर की दूरी पर झूलते रहने से यह हादसा हुआ है। हद यह कि इस मामले में जाले के बिजली फीडर के जेई शशि भूषण सिंह को इसकी जानकारी तक नहीं है। जब देशज टाइम्स संवाददाता ने उनसे हादसे के बारे में पूछा तो उनका टका सा जवाब था, मुझे हादसे की कोई जानकारी नहीं है। कहा, पता लगाएंगें। बता दें, चंदौना से घोघराहा व अतरबेल तक 32 किलोमीटर तक सड़क किनारे झूलते बिजली तार के कारण कई बार बस भी तार की चपेट में आ चुकी है।
यहां से सिल्लीगुड़ी जानेवाली लंबी दूरी की बस का परिचालन बंद हो जाने से इस क्षेत्र के लोगों को दरभंगा जाकर बस पकड़ना पड़ता है। वैसे भी व्यस्ततम सड़क के किनारे से गुजरने वाली बिजली तार को रेलपोल के ऊपर से ले जाने का नियम है, लेकिन इस कदर क्षेत्र में आए दिन हो रहे हादसे के बाद भी बिजली विभाग की कार्यशैली में सुधार होते नहीं दिख रहा। एहतियातन जाले थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव व एएसआई श्रवण कुमार गौड पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुटे हैं।








You must be logged in to post a comment.