समीर कुमार मिश्रा, मधुबनी, देशज टाइम्स ब्यूरो। मधुबनी के युवा फुटबॉलरों ने अपनी किक से बिहार को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करते हुए संपूर्ण मिथिलांचल को गदगद कर दिया है। मधुबनी के युवा फुटबॉलरों की शानदार खेल से बिहार सब जूनियर नेशनल फुटबॉल प्रतियोगिता का हीरो बन गया।
इस विजेता टीम में मधुबनी के कई खिलाड़ी शामिल थे, जिनकी बेहतर गोल और शानदार खेल तकनीक से बिहार को सब जूनियर नेशनल फुटबॉल प्रतियोगिता का विजेता बनने का सौभाग्य मिला है। प्रतियोगिता का आयोजन आनंदपुर आंध्र प्रदेश में किया गया था। पढ़िए पूरी खबर
आंध्रप्रदेश के आनंदपुर में आयोजित सब जूनियर नेशनल फुटबॉल प्रतियोगिता में बिहार की टीम ने दिल्ली को एक जीरो से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। इसमें कप्तान आयुष कुमार ने एक गोल कर बिहार को चैंपियन बनाया।
बिहार की टीम में एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र झंझारपुर मधुबनी के चार प्लेयर टीम के सदस्य थे, जो आयुष कुमार कप्तान, आलोक कुमार उप कप्तान, विक्रम कुमार और सरवन कुमार गोल कीपर के रूप में थे।
जूनियर नेशनल में बेस्ट प्लेयर का अवार्ड कप्तान राजकुमार को दिया गया। वहीं, बेस्ट गोलकीपर का अवार्ड श्रवण कुमार को दिया गया। साथ ही जूनियर नेशनल चैंपियनशिप प्रतियोगिता मध्य प्रदेश में हुआ उसमें एकलव्य ट्रेनिंग सेंटर झंझारपुर मधुबनी के तीन खिलाड़ी राहुल कुमार गोलकीपर हर्षित सिंह और आलोक कुमार शामिल थे।
जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा ने अपने कार्यालय कक्ष में उक्त सभी खिलाड़ियों से मिलकर उन्हें बधाई दी। साथ ही उनका हौसला भी बढ़ाया। इस मौके पर उप विकास आयुक्त विशाल राज एवं खेल पदाधिकारी मयंक सिंह भी उपस्थित थे।