
रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के हुलहन्डू पूल के पास से शनिवार को पुलिस ने युवक-युवती का शव बरामद किया है। हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जतायी जा रही है।
दोनों मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ओपी प्रभारी पहुंचे और जांच की । इसके बाद दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। ओपी प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
युवक की पहचान शांतिनगर में रहने वाले विवेक और युवती की पहचान पूजा के रूप में की गई है। इस मामले में आशंका जताई जा रही है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था जिस कारण दोनों की हत्या की गई। मृतक युवक विवेक इकलौता बेटा था। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंच कर दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन में जुट गई है।
शुक्रवार से लापता थे दोनों
जानकारी के अनुसार दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती की शादी हो गई थी। उसका एक बच्चा भी है। हालांकि वह अपने पति से अलग रह रही थी। शुक्रवार को दोनों अपने घर से बाहर निकला था। हालांकि रात तक दोनों अपने-अपने घर नहीं पहुंचे थे। परिजनों ने दोनों की काफी खोजबीन की लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला। इसी दौरान शनिवार की सुबह दोनों का शव बरामद किया गया।
मामले की छानबीन में जुटी है पुलिस
इस मामले में पुलिस का कहना है कि दोनों युवक युवती शुक्रवार से लापता था। दोनों की हत्या की गई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।