
बिहार का मौसम अब बेदर्द होने वाली है। तय है, अब सर्दी छोड़ेगी नहीं बड़ी सताएगी। ट्रिपल अटैक मारेगी। इस अटैक में ठंड और कोहरे तो होंगे ही मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी कर हांड़ कंपाने वाली सर्दी की भविष्यवाणी कर दी है।
जानकारी के अनुसार,नए साल पर आसमानी आफत तय है। कोहरे और शीतलहर के बीच बारिश का भी अलर्ट है। वैसे, बीते तीन दिनों में कुछ जगह बारिश होने के कारण तापमान में थोड़ी वृद्धि देखने को मिली। बीते 48 घंटे में सबसे अधिक तापमान किशनगंज का रहा। किशनगंज का तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया है।
इधर, मौसम विभाग ने ट्रिपल अटैक की भविष्यवाणी की है। ठंड और कोहरे के साथ-साथ बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है। इतना ही नहीं पटना और पूर्णिया की हवा भी जहरीली हो गई है, जबकि सीवान और वाल्मीकि नगर सबसे ठंडा है।
मौसम विभाग के अनुसार, 28 दिसंबर के बाद दिन और रात के तापमान में एक से तीन डिग्री तक की गिरावट होगी। इससे ठंड का एहसास होगा। बारिश और नमी की वजह से आर्द्रता बढ़ेगी। उत्तरी बिहार के पूर्वी-पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर सहित 10 जिलों में बादल छाए रहेंगे।
वहीं पूर्णिया में घना कोहरा छाया रहेगा। जबकि, पटना, गया, नालंदा, नवादा सहित 10 जिलों में सुबह में हल्का कोहरा रहेगा। दिन के साथ आसमान साफ हो जाएगा। लेकिन, बादलों की वजह से धूप का असर नहीं रहेगा। सीवान और वाल्मीकि नगर में सबसे अधिक ठंड का एहसास किया गया है जबकि पटना में दो दिन तक तापमान स्थिर रहेगा।
ठंड के कारण 31 दिसंबर तक सभी सरकारी स्कूलें बंद हैं। मगर, कोचिंग संस्थानें चल रही हैं। इससे बच्चों को ठंड से निजात की संभावना कम ही दिख रही। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो अगले एक से दो दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा. कोहरा छाया रहेगा और तापमान और भी ज्यादा गिर सकता है।







