भाजपा के चनपटिया नगर अध्यक्ष अमित कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अमित कुमार पर राजकुमार शुक्ल इंटर कॉलेज के तत्कालीन प्राचार्य अरविंद कुमार के आवास पर तोड़फोड़, मारपीट करने, सड़क जाम करने, ईट पत्थर से पुलिस टीम पर हमला करने का आरोप है। मामला 2019 का है।
इसमें वह फरार चल रहे थे। अमित की मां सुनीता देवी नगर पंचायत चनपटिया के वार्ड छह की पार्षद हैं।
अमित से नगर थाने में पूछताछ की जा रही है। अमित की गिरफ्तारी गुरुवार की रात उसके घर चनपटिया के भगवती नगर वार्ड नम्बर छह से की गई।
इन्हें एमजेके अस्पताल में स्थापित इंग्लैंड के किंग एडवर्ड सप्तम की प्रतिमा तोड़ने, राजकुमार शुक्ल इंटर कॉलेज सतवरिया के तत्कालीन प्राचार्य अरविंद कुमार के न्यू बस स्टैंड
स्थित आवास पर तोड़फोड़ कर मारपीट करने, सड़क जाम करने, ईट-पत्थर से पुलिस टीम पर हमला कर गाली-गलौज करने आदि के मामले में भाजपा नेता को गिरफ्तार किया गया है।
नगर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि 11 अप्रैल 2019 को राजकुमार सिंह इंटर कॉलेज के तत्कालीन प्राचार्य के घर पर यूट्यूबर मनीष कश्यप, एमजेके कॉलेज के पूर्व छात्र अध्यक्ष रोहित मिश्रा, छात्र नेता शिबू पांडे, राहुल सिंह, के साथ अमित कुमार ने 100 -150 लोगों के साथ हमला बोल दिया था।
घर में घुसकर तोड़फोड़ व उनकी पत्नी से मारपीट की थी। सूचना पर जब पुलिस टीम पहुंची थी तो भीड़ ने पुलिस टीम से गाली गलौज करते हुए पथराव कर दिया। मामले में पुलिस ने चार लोगों को मौके से गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तार लोगों से पूछताछ के बाद अन्य लोगों के साथ अमित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अमित के खिलाफ अगस्त 2018 में चनपटिया थाना में भी एक मामला दर्ज है। चनपटिया के तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने खुद के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की थी।