
गया में रेल गाड़ी के डिरेल होने से कई ट्रेनों के रूट बदलने पड़े हैं वहीं तीन बोगियां ट्रैक से उतर जाने से भीषण परेशानी हुई है। यह घटना अहले सुबह की है जहां गया-धनबाद रेल खंड के गया पहाड़पुर स्टेशन के बीच टनकुप्पा स्टेशन पर माल गाड़ी की तीन बोगियां पटरी से उतर गई। यह हादसा मंगलवार को करीब 3 बजे अप मेन लाइन की है।
जानकारी के अनुसार, धनबाद रेलमंडल के कोडरमा से गया आ रही मालगाड़ी टनकुप्पा रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार की सुबह बेपटरी हो गई। तीन वैगन के बेपटरी होने के बाद अप और डाउन दोनों लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया। मंगलवार की अल सुबह सीपीसी मालगाड़ी कोडरमा से गया आ रही थी। इसी दौरान टनकुप्पा रेलवे स्टेशन के समीप यह घटना हो गई।
घटना के बाद गोमो और गया से दुर्घटना राहत यान को घटनास्थल पर भेजा गया है। इस घटना की जानकारी टनकुप्पा स्टेशन पर ड्यूटी में लगे रेलकर्मी ने कंट्रोलर सहित अन्य अधिकारियों को दी। इस घटना के बाद कई समय तक तारें का परिचालन बंद कर दिया गया।
वहीं रेल कर्मचारियों द्वारा बेपटरी हुए वैगनों को पटरी पर लाने के लिए कार्य शुरू कर दिया गया है। मालगाड़ी बेपटरी होने की सूचना के बाद गोमो स्टेशन पर हावड़ा-मुंबई मेल को रोका गया है। वहीं कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है। बताया जा रहा है कि दोपहर बाद रेल परिचालन सामान्य होने की संभावना है। गनीमत रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति की हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। इस घटना के बाद अधिकारी जांच में जुटे हुए हैं।




