

छपरा न्यूज़: बिहार में अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अब एक्शन मोड में दिख रही है। छपरा में एक दिन पहले हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार सुबह तड़के बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस और हत्या के आरोपी के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक कुख्यात अपराधी को गोली लगी है और कई अहम खुलासे हुए हैं।
सोमवार की सुबह छपरा में पुलिस और एक अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ ने हड़कंप मचा दिया। यह कार्रवाई रविवार (30 नवंबर, 2025) दोपहर पुलिस लाइन के पास हुई एक हत्या के मामले में की गई। इस मुठभेड़ में हत्या का आरोपी शिकारी राय घायल हो गया, जिसे पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके अन्य साथियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
छपरा के डॉ. एसएसपी कुमार आशीष ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि रविवार दोपहर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस को घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले थे, जिनके आधार पर जांच शुरू की गई। इसी जांच के दौरान पुलिस को नंदकिशोर राय उर्फ शिकारी राय के बारे में अहम जानकारी मिली। उसकी लोकेशन अख्तियारपुर नहर के पास ट्रैक की गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे घेर लिया।
हथियार बरामद करते वक्त आरोपी ने की फायरिंग
एसएसपी कुमार आशीष के अनुसार, हिरासत में लिए जाने के बाद शिकारी राय ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार एक बगीचे में छिपा रखा है। जब पुलिस टीम उसे लेकर हथियार बरामद करने बगीचे में पहुंची, तो आरोपी ने अचानक हथियार निकालकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने तत्काल जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शिकारी राय के बाएं पैर में गोली लगी। घटनास्थल से पुलिस ने दो पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, दो खोखे और तीन मैगजीन बरामद किए हैं।
पुलिस की कड़ी पूछताछ में शिकारी राय ने रविवार को हुई हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। सीसीटीवी फुटेज से भी उसकी भूमिका की पुष्टि हुई है। पुलिस ने उसके अन्य साथियों की भी पहचान कर ली है और उन्हें पकड़ने के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) लगातार अभियान चला रहा है।
मृतक और आरोपी दोनों पेशेवर अपराधी
पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने बताया कि रविवार को जिस व्यक्ति की हत्या हुई थी, वह भी एक पेशेवर शूटर था। मृतक पर विभिन्न जिलों में 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें हत्या के कई मामले भी शामिल हैं। वहीं, घायल अपराधी शिकारी राय पर भी 6-7 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों अपराधियों के बीच आपसी रंजिश और एक-दूसरे को खत्म करने का संदेह था, जिसके चलते यह घटना हुई। इस मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी मामूली रूप से घायल हुआ है, गोली उसके कंधे को छूकर निकल गई।
गौरतलब है कि बीते रविवार को छपरा में दिनदहाड़े एक अधेड़ व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बदमाशों ने उसके सिर में गोली मारी थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर नगर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। घायल व्यक्ति को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।



