
सीवान से इस वक्त की बड़ी खबर है जहां अपराधियों ने पंचायत समिति सदस्य दरौंदा प्रखंड के कोराड़ी कला के वार्ड संख्या 3 के ग्राम पंचायत सदस्य इलाहुदीन मियां के 24 वर्षीय पुत्र मेराज अंसारी की बाइक लूट ली है।
जानकारी के अनुसार, मामला दरौंदा थाना क्षेत्र का है जहां अपराधियों ने हथियार के बल पर सीवान-छपरा मुख्य मार्ग के एनएच 531 स्थित दरौंदा थाना क्षेत्र के गंडक कार्यालय के समीप मेराज की बाइक लूट ली है। वहीं, जाते जाते अपराधी करीब तेरह हजार कैश और सोने की अंगूठी भी छिनकर चलते बने।




पुलिस को दिए बयान में मेराज अंसारी ने कहा है कि वह बीती रात सीवान से लौट रहे थे कि एक ही बाइक पर तीन अपराधी आ धमके और उन्हें ओवरटेक कर कनपटी पर पिस्टल सटाकर बाइक और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए।
दरौंदा थाने के थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि वार्ड सदस्य के साथ लूटपाट की वारदात के बाद पुलिस हर कोण से मामले की जांच कर रही है। एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।






