सतीश चंद्र झा, बेनीपुर, दरभंगा। बहेड़ा थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (ASI) विजय कुमार राम पर गंभीर आरोप लगे हैं। उन पर शादी का प्रलोभन देकर एक महिला का शारीरिक शोषण करने का मामला दर्ज किया गया है।
पीड़िता पूजा कुमारी शाह ने बताया
पीड़िता पूजा कुमारी शाह, निवासी बालू घाट नाका नंबर-2 (दरभंगा विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र) ने अपने आवेदन में बताया कि पति से विवाद के कारण वह अलग रह रही थी।
इसी दौरान उसकी मुलाकात एएसआई विजय कुमार राम से हुई, जिन्होंने मदद का भरोसा देते हुए उसे बेनीपुर भारत चौक स्थित अपने निजी आवास पर खाना बनाने के नाम पर रखा।
शादी का झांसा और करता रहा शारीरिक शोषण
आरोप है कि एएसआई ने पूजा को शादी का भरोसा देकर पिछले एक वर्ष से लगातार शारीरिक शोषण किया। मकान मालिक को भनक लगने पर वह डेरा बदलते रहते थे, और महिला को भी अपने साथ रखते थे।
हर तीन माह पर लगवाया इंजेक्शन
महिला ने यह भी कहा कि अवैध गर्भ न ठहरे, इसके लिए उसे हर तीन माह पर इंजेक्शन लगवाया जाता था।
शादी के दबाव पर मारपीट कर भगाया
जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो एएसआई ने मारपीट कर डेरा से भगा दिया। इसके बाद महिला ने बहेड़ा थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई, जिस पर थाना कांड संख्या 386/25 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है।
थानाध्यक्ष हरिद्वार शर्मा ने बताया
“सहायक अवर निरीक्षक विजय कुमार राम पिछले तीन दिनों से अनुपस्थित हैं, उनकी गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो सकी है।”