
दरभंगा देशज टाइम्स। दबंगई पर लगेगी लगाम, शराब माफिया की नींद उड़ेगी और जमीन विवादों पर कसेगा शिकंजा! दरभंगा के बहादुरपुर थाने में नए कप्तान की एंट्री से इलाके में हलचल तेज हो गई है। आखिर कौन हैं ये नए थानाध्यक्ष और क्या हैं उनकी पहली प्राथमिकताएं?
रविवार को प्रसुन्जय कुमार ने दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना के नए थानाध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने निवर्तमान थानाध्यक्ष सुनील कुमार के निलंबन के बाद यह जिम्मेदारी संभाली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जगुनाथ रड्डी जलरड्डी ने पुलिस कार्यालय के टेक्निकल सेल में तैनात प्रसुन्जय कुमार को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए थानाध्यक्ष प्रसुन्जय कुमार ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि उनकी पहली और सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकता बहादुरपुर क्षेत्र में कानून का राज स्थापित करना होगा। इसके साथ ही, शराबबंदी अभियान को सख्ती से लागू किया जाएगा और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जमीन माफिया पर पैनी नज़र
जमीन से जुड़े मामलों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि जमीन माफिया पर लगातार पैनी नजर रखी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के जमीन मालिकों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा और उनके हितों की पूरी तरह रक्षा की जाएगी।
नए थानाध्यक्ष ने बहादुरपुर थाना क्षेत्र के आम नागरिकों से अनुरोध किया है कि यदि उन्हें क्षेत्र में किसी भी प्रकार की समस्या आती है, तो वे सरकारी मोबाइल नंबर 9031827330 पर सीधे संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि मोबाइल पर संपर्क संभव न हो या कोई नागरिक सीधे बात करना न चाहें, तो वे व्यक्तिगत रूप से थाना परिसर में आकर उनसे मिल सकते हैं। इसके अतिरिक्त, शराब कारोबारियों के संबंध में कोई भी जानकारी देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।




