

बेनीपुर। प्राथमिक विद्यालय सझुआर (benipur primary school sajuar) में बुधवार को प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं मुखिया के बीच जमकर मारपीट की घटना के बाद विद्यालय में पठन-पाठन ठप पड़ गया है।
ग्रामीणों ने पठन-पाठन की प्रक्रिया सुचारू करने को लेकर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से गुहार लगाई है। पंचायत के मुखिया चंदन कुमार झा की ओर से गत बुधवार को प्राथमिक विद्यालय सझुआर का औचक निरीक्षण किया था।
इसमें प्रधानाध्यापक अनुपस्थित थे। एकमात्र शिक्षक गोपाल साह मौजूद थे। इनसे पूछने पर उन्होंने प्रधानाध्यापक को अवकाश पर रहने की बात बताई, लेकिन तत्काल प्रधानाध्यापक के विद्यालय पहुंचने पर मुखिया ने उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाई।
इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस बीच हजारों ग्रामीणों की संख्या आक्रोशित होकर प्रधानाध्यापक को मारने पीटने पर उतारू हो गए। लेकिन स्थानीय कुछ लोगों के सहयोग से उन्हें एक कमरे में बंद किया गया।
मुखिया ने मामले को बिगड़ते हुए देखकर तत्काल थाना प्रभारी को इसकी सूचना दी। थाना पुलिस पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद प्रधानाध्यापक को कमरे से निकालकर थाने ले गई जहां से उन्हें पुनः मुक्त किया गया।
उक्त घटना को लेकर ग्रामीण बच्चों में दहशत का माहौल कायम हो गया है । जिससे कि आज विद्यालय में एक भी बच्चे उपस्थित नहीं हो पाए।
अभिभावकों का कहना है कि बच्चे को विद्यालय पढ़ने के लिए भेजें या रणक्षेत्र में तमाशा देखने, इसलिए इस विद्यालय जाने से बेहतर बच्चे घर पर ही सुरक्षित रहे।
दूसरी ओर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक रामचंद्र पासवान प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को टेलीफोन से सूचना देकर अनिश्चित काल के लिए अवकाश पर चले गए हैं।
इस संबंध में पूछने पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कृष्ण कुमार बताते हैं कि जल्द ही अतिरिक्त शिक्षकों का प्रतिनियुक्ति कर पठन-पाठन सुचारू किया जाएगा।

