

बेनीपुर। पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत आज दूसरे शनिवार को भी बेनीपुर विधायक सह जदयू के जिला अध्यक्ष डॉ. विनय कुमार चौधरी आशापुर अवस्थित कोसी निरीक्षण भवन में जनता के दरबार में उपस्थित हुए।
स्थानीय लोगों की समस्याओं को तत्काल समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया। इस दौरान बेनीपुर भाजपा के नगर अध्यक्ष पिंटू झा ने आपदा प्रबंधन मद से विभिन्न घटना दुर्घटना में मृतक के परिजन को अनुग्रहित राशि उपलब्ध कराने में प्रशासन की ओर से लेटलतीफी का मामला रखा।
इसका उन्होंने त्वरित निष्पादन करते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को दूरभाष से निर्देश देते हुए एक सप्ताह के अंदर भुगतान का निर्देश दिया। साथ ही पोहदी गांव के राजकुमार झा सहित 1 दर्जन से अधिक लोगों ने भूमि विवाद से संबंधित एवं अन्य घटनाओं से संबंधित अपनी समस्या को विधायक के सामने रखा।
विधायक श्री चौधरी ने समस्याओं को बारीकी से सुनते हुए अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल आरक्षी पदाधिकारी, थानाध्यक्ष, अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को दूरभाष से ही जानकारी देते हुए संबंधित व्यक्तियों का समस्या निदान का निर्देश दिया।
वहीं, संबंधित पक्ष को उक्त पदाधिकारी से मिलने का निर्देश दिया। इस अवसर पर जदयू के वरिष्ठ नेता अमित कुमार राय बिट्टू, मनोज मिस्र,अमन कुमार झा, धनंजय कुमार झा, महेंद्र झा लीडर, सत्यम कुमार सहित दर्जनों भाजपा एवं जदयू के कार्यकर्ता के साथ-साथ फरियादी उपस्थित थे।



