

उत्तम सेन गुप्ता, बिरौल देशज टाइम्स डिजिटल डेस्क। शहीदे आज़म भगत सिंह के शहादत दिवस पर भाकपा (माले) ने सुपौल बाजार में लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ मार्च प्रखंड सचिव बैद्यनाथ यादव, भाकपा(माले) जिला कमिटी सदस्य मनोज यादव, लाल बहादुर सदाय, बिंदे सदाय, लालन राम, राजेंद्र राम और राधे साह व सुगा देवी के नेतृत्व में निकाला गया।
खादी भंडार से चलकर शहीद स्मारक चौक आये जहां मार्च संकल्प सभा में तब्दील हो गया। माले के सभी सदस्यों ने शहीदे आजम भगत सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण किया और उनके सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर भगत सिंह के साथ शहिद हुए राजगुरु और सुखदेव को भी याद किया गया।
बैद्यनाथ यादव की अध्यक्षता में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) के राज्य कमिटी सदस्य अभिषेक कुमार ने कहा कि आज भाजपा-संघ परिवार देश की आजादी आंदोलन के बुनियाद को ही चकनाचूर कर रही हैं। देश के संविधान, लोकतंत्र खतरे में हैं।
भगत सिंह और अंबेडकर के सपनों का भारत बनाने के लिए आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि भाकपा (माले) की ओर से 23 मार्च से 14 अप्रैल भीमराव अंबेडकर की जयंती तक लोकतंत्र बचाओ जनसंवाद अभियान बिरौल अनुमंडल के सभी गांव में चलायेगा।
बैद्यनाथ यादव और मनोज यादव ने कहा कि बुल्डोजर राज के खिलाफ गरीबों की बड़ी गोलबंदी की तैयारी कर प्रखंडों पर विशाल प्रदर्शन किया जायेगा। मौके पर लाल बहादुर सदाय, बिंदे सदा,रोहित सिंह,राजेंद्र राम, बुधन मुखिया, लालन राम,रामसुहग चौपाल, राधे साह, विकास मुखिया, सूगा देवी,पार्वती देवी, गिनिया देवी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।


