
बेनीपुर। पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत नगर परिषद एवं अंचल कार्यालय द्वारा संयुक्त अभियान चलाकर बेनीपुर बाजार में अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध सख्ती अपनाते हुए बुलडोजर के साथ अतिक्रमण खाली करते हुए सैकड़ों लोगों से जुर्माना की राशि वसूली की।
जानकारी के अनुसार, पिछले 1 सप्ताह से नगर परिषद द्वारा विभिन्न समाचार माध्यमों एवं प्रचार वाहनों से पूरे बाजार में बार-बार चेतावनी दी जा रही थी 15 तारीख से पूर्व मुख्य सड़क से अतिक्रमण खाली कर दें। लेकिन हठधर्मी अतिक्रमणकारी पूर्व की भाति सड़क के दोनों ओर दुकान लगाकर अतिक्रमण जारी रखे हुए थे।
इस अतिक्रमण के कारण बेनीपुर मुख्य पथ में सड़क जाम होना आम बात बनी हुई थी। जिससे आम लोगों के साथ-साथ प्रशासनिक पदाधिकारी, न्यायिक पदाधिकारी एवं राजनेताओं के साथ-साथ एंबुलेंस और स्कूली वाहन जाम में फंस कर अपना समय जाया करते थे।
ऐसी कोई बात नहीं है कि इससे पूर्व अतिक्रमण हटाओ अभियान नहीं चलाई गई थी बार-बार अतिक्रमण हटाए जाने के बावजूद ये फुटपाथी व्यवसायी फुटपाथ के साथ-साथ सड़क पर भी अपना दुकान लगाकर जाम की समस्या उत्पन्न करते आ रहे हैं।
गत वर्ष भी तत्कालीन अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार झा, अनुमंडल आरक्षी पदाधिकारी उमेश्वर चौधरी के निर्देशन में भारी पुलिस बल के साथ नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी ने सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण खाली करवाया था।
लेकिन, यह अतिक्रमणकारी पुनः एक बार फुटपाथ को कब्जा करते करते सड़क को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया था। जिसे गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पदाधिकारी शंभूनाथ झा ने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की बैठक गत दिनों आयोजित कर 15 अक्टूबर को अतिक्रमण खाली करने का निर्देश दिया था और इसके लिए विधिवत प्रचार-प्रसार भी की गई थी।
लेकिन, अतिक्रमण कारी अपने हठधर्मिता पर अड़े हुए थे। फलत आज नगर प्रशासन एवं अंचल प्रशासन संयुक्त अभियान चलाकर सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण खाली करते हुए बुलडोजर से भीषण तोड़फोड़ की एवं सामानों को कब्जा करते हुए जुर्माना की राशि वसूल की।
इस अवसर पर अनुमंडल आरक्षी पदाधिकारी डॉ. कुमार सुमित, थानाध्यक्ष राज कपूर कुशवाहा, अंचलाधिकारी भुवनेश्वर झा, राजस्व पदाधिकारी रविकांत कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी जय चंद्र अकेला के साथ साथ नगर परिषद, एवं अंचल के सभी कर्मचारियों एवं भारी पुलिस बल तैनात थे।






