दरभंगा के लालबाग स्थित एक स्कूल, जो पूर्व में विनोदानंद झा पार्क के रूप में जाना जाता था, को खाली कराने की दिशा में दरभंगा नगर निगम ने अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। मामले में वाद संख्या 14/2006 की सुनवाई के दौरान आज मुंसिफ प्रथम अदालत में वार्ड पार्षद शत्रुघ्न प्रसाद यादव उर्फ नारद यादव ने नगर निगम की ओर से गवाही दी।@प्रभास रंजन,देशज टाइम्स दरभंगा।
नगर निगम ने वर्षों पुराना मामला पुनः सक्रिय किया
वर्ष 2006 में नगर निगम द्वारा दायर मुकदमा वर्षों तक लंबित रहा। 2023 में तत्कालीन नगर आयुक्त कुमार गौरव ने मामले में गवाही देकर प्रक्रिया को गति दी। आज वार्ड 6 के पार्षद शत्रुघ्न यादव ने अदालत में कहा कि यह जमीन पूरी तरह नगर निगम की संपत्ति है और इसे बच्चों के लिए पार्क में परिवर्तित करने हेतु अविलंब खाली कराया जाना चाहिए।
पूर्व गवाहियों में भी मिली निगम को मजबूती
इससे पूर्व पत्रकार नवीन सिन्हा, पूर्व पार्षद गौरीशंकर, और नगर आयुक्त कुमार गौरव ने भी नगर निगम के पक्ष में गवाही दी है। सभी ने जमीन को अतिक्रमित बताते हुए इसे नगर निगम की संपत्ति करार दिया और कहा कि इसे जनहित में खाली कराया जाना चाहिए।
बचाव पक्ष की आपत्ति और पार्षद का जवाब
बचाव पक्ष के अधिवक्ता मनोज कुमार श्रीवास्तव ने जिरह के दौरान कहा कि नगर निगम की अन्य संपत्तियां भी अतिक्रमित हैं, लेकिन केवल इस जमीन को लेकर विशेष दबाव बनाया जा रहा है। पार्षद शत्रुघ्न यादव ने इन आरोपों को स्वार्थवश प्रेरित और निराधार बताया है।
पहले भी हो चुकी है अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
2014-15 में हरिबोल तालाब और कचरा संग्रहण केंद्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था। यह दोनों स्थान वार्ड 21 में स्थित हैं और अब निगम की सीधी निगरानी में हैं।
वर्तमान कानूनी स्थिति और आगे की दिशा
वरिष्ठ अधिवक्ता शिव कुमार झा उर्फ बुल्लू बाबू के जूनियर की देखरेख में निगम का पक्ष अदालत में रखा जा रहा है। नगर निगम अन्य अतिक्रमणों को भी हटाने की योजना पर काम कर रहा है और न्यायालय की मदद ले रहा है।