
सतीश चंद्र झा, बेनीपुर, दरभंगा। अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार झा ने शुक्रवार को नगर परिषद क्षेत्र का निरीक्षण किया। जगह-जगह गंदगी का अंबार देख वे नाराज हो गए और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को तत्काल सार्वजनिक स्थलों से कचरा हटाने का आदेश दिया।
सफाई कर्मियों की हड़ताल जारी
पिछले एक सप्ताह से सफाई कर्मी हड़ताल पर हैं और नगर परिषद कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर धरना दे रहे हैं। उनके विभिन्न मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण शहर के कई हिस्सों में हालात बिगड़ गए हैं।
सार्वजनिक स्थलों पर कचरे का ढेर
सफाई कार्य ठप रहने से अनुमंडल अस्पताल, प्रखंड कार्यालय, आवासीय परिसर, मुख्य सड़कें और वार्डों में कचरे का ढेर जमा हो गया है। बाजारों की स्थिति भी लगातार खराब होती जा रही है।
वैकल्पिक व्यवस्था पर बवाल
शुक्रवार को नगर परिषद प्रशासन और मुख्य पार्षद ने सफाई की वैकल्पिक व्यवस्था शुरू करने की कोशिश की, लेकिन सफाई कर्मियों ने आशापुर टावर चौक पर जमकर विरोध किया और काम रुकवा दिया।
सुनिश्चित की जाए… ‘ सफाई ‘
स्थिति देखकर एसडीओ ने कार्यपालक पदाधिकारी को आदेश दिया कि किसी भी तरह से वैकल्पिक व्यवस्था कर सफाई सुनिश्चित की जाए।