

Darbhanga News: कानून के लंबे हाथ कब, किसको और कहां धर दबोचें, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। दरभंगा पुलिस की मुस्तैदी ने एक बार फिर इसे साबित कर दिया, जब एक गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई में तीन शातिर अपराधी सलाखों के पीछे पहुंच गए। यह मामला कमतौल थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने तेजी दिखाते हुए एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को शुक्रवार सुबह एक गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध अपराधी एक चार पहिया वाहन में देखे गए हैं। इस सूचना पर डायल 112 की टीम तुरंत सक्रिय हो गई। पुलिस ने एसएच-75 पर गोपालपुर गुमटी के पास मुहम्मदपुर जाने वाले मोड़ पर घेराबंदी की। टाटा अल्ट्रोज (BR 07 AS 8727) गाड़ी को देखते ही पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन अपराधी गाड़ी से उतरकर भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, पुलिस की टीम ने उन्हें खदेड़कर दबोच लिया।
Darbhanga News: जानिए क्या-क्या हुआ बरामद
पकड़े गए युवकों की तलाशी लेने पर पुलिस भी हैरान रह गई। उनके पास से कई अवैध सामान बरामद हुए हैं। सदर एसडीपीओ शुभेंद्र कुमार सुमन ने थाना परिसर में प्रेस वार्ता कर बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से निम्नलिखित चीजें जब्त की गई हैं:
- एक देसी पिस्टल
- दो जिंदा कारतूस
- तीन महंगे आईफोन
- एक अन्य मोबाइल फोन
- टाटा अल्ट्रोज कार
पुलिस ने सभी सामानों को जब्त कर लिया है और मामले की गहराई से जांच कर रही है। आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का N0.1।
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है। इनमें से दो मधुबनी जिले के रहने वाले हैं, जबकि एक दरभंगा का ही निवासी है। इनकी पहचान मधुबनी जिले के रहिका थाना क्षेत्र के बसौली निवासी बिनोद साह के पुत्र आदर्श कुमार, उसी गांव के संजीव साह के पुत्र अभिषेक कुमार और दरभंगा सदर थाना क्षेत्र के रानीपुर निवासी अर्जुन दास के पुत्र संजीव कुमार के रूप में हुई है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
एसडीपीओ सुमन ने आगे बताया कि पुलिस की शुरुआती पूछताछ में ही आरोपियों ने कई राज उगल दिए हैं। उन्होंने स्वीकार किया है कि वे वाहनों की लूटपाट करने वाले गिरोह का हिस्सा हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। इस अपराध समाचार ने इलाके में हलचल मचा दी है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक इतिहास के बारे में पता लगाने में जुटी है। आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का N0.1। पुअनि सुभाष कुमार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है। देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।





