

Darbhanga Road Accident: केवटी देशज टाइम्स। रफ्तार की सड़क जब मौत का गलियारा बन जाए तो चीखें भी खामोश हो जाती हैं। दरभंगा में शनिवार को कुछ ऐसा ही दर्दनाक मंजर देखने को मिला, जब शोभन एम्स बाईपास रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप वैन के बीच हुई विनाशकारी टक्कर ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। इस हादसे में एक सब्जी कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य जिंदगी और मौत के बीच डीएमसीएच में जंग लड़ रहे हैं। मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के धोईघाट निवासी मोहम्मद इरशाद के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में अकबर और प्रियांशु कुमार शामिल हैं।
Darbhanga Road Accident में कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एकमीघाट से शोभन की ओर जाने वाली बाईपास सड़क पर चांडी गांव के निकट यह हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार ट्रक और सामने से आ रही पिकअप वैन में सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए और दोनों गाड़ियां एक-दूसरे में फंस गईं। गनीमत रही कि दोनों वाहनों के चालक हादसे के तुरंत बाद कूदकर भागने में सफल रहे, लेकिन पिकअप में सवार तीन लोग इस कहर से नहीं बच सके। इनमें से एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि प्रियांशु की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का N0.1। देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
समस्तीपुर जा रहे थे सब्जी खरीदने, रास्ते में मिली मौत
मृतक इरशाद के परिजनों ने नम आंखों से बताया कि सभी लोग केवटी प्रखंड के दिघीयार गांव के रहने वाले थे और शनिवार की सुबह समस्तीपुर के बैंगन चौक से सब्जी की थोक खरीदारी करने के लिए निकले थे। इरशाद अपने मामा और प्रियांशु के साथ घर से रोजी-रोटी के लिए निकला था, लेकिन किसे पता था कि रास्ते में मौत इंतजार कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही बहादुरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का N0.1। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और फरार चालकों की तलाश में जुट गई है। वहीं, बेंता ओपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


