Darbhanga University News: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा में उप-परीक्षा नियंत्रक डॉ मनोज कुमार ने बतौर मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO) का पदभार ग्रहण कर लिया है। कुलसचिव डॉ दिव्या रानी हांसदा के समक्ष उन्होंने यह जिम्मेदारी संभाली। उनके इस नियुक्ति से विश्वविद्यालय में सुशासन और पारदर्शिता की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
कुलपति के प्रति जताया आभार, बताया बड़ी जिम्मेदारी
पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ मनोज कुमार ने कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “कुलपति महोदय ने मुझ पर भरोसा जताते हुए यह दायित्व सौंपा है, यह मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है।” डॉ कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका प्रयास रहेगा कि राज्यपाल-सह-कुलाधिपति की समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों और उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुरूप विश्वविद्यालय में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व, अनुशासन एवं सुशासन की संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।
परीक्षा प्रणाली में निष्पक्षता और त्वरित न्याय पर जोर
Darbhanga University News: डॉ मनोज कुमार ने विशेष रूप से परीक्षा-प्रणाली की निष्पक्षता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सतर्कता एवं अनुशासन संबंधी मामलों का त्वरित एवं न्यायसंगत निष्पादन उनकी प्राथमिकता होगी। उनका मानना है कि विश्वविद्यालय केवल ज्ञान का केंद्र नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों और संस्थागत विश्वास का भी प्रतीक है। इसलिए प्रत्येक शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं परीक्षा संबंधी गतिविधि उच्चतम स्तर की ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ संचालित होनी चाहिए।
इस दिशा में, उन्होंने सभी पदाधिकारियों, शिक्षकों, कर्मियों एवं विद्यार्थियों के सहयोग से एक सशक्त और विश्वासपूर्ण कार्य-संस्कृति विकसित करने का संकल्प लिया है, ताकि उत्कृष्टता, पारदर्शिता और नैतिक प्रशासन के नए मानक स्थापित किए जा सकें। इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक डॉ मो इंसान अली, उप-कुलसचिव प्रथम डॉ उमाकांत पासवान, उप-कुलसचिव द्वितीय डॉ कुमार मनीष, कुलानुशासक प्रो विजय कुमार यादव सहित राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ अनिल कुमार चौधरी, डॉ रघुवीर कुमार रंजन, सूरज कुमार चौधरी, सुमित कुमार, चंदन कुमार आदि उपस्थित थे।
देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।







