प्रभाष रंजन, दरभंगा | जिले में चुनावी माहौल के बीच राजनीतिक तनाव चरम पर पहुंच गया है। बीती रात दरभंगा में भाजपा समर्थक पर हमला करने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि राजद समर्थकों ने चाकू से वार कर युवक को घायल कर दिया।
रैली में शामिल होने पर हुआ हमला
घायल युवक अमित कुमार यादव ने बताया कि वह भाजपा समर्थक है और हाल ही में पार्टी की रैली में शामिल हुआ था। इसी बात से नाराज़ होकर उसके गांव के बगल में रहने वाले चंदन यादव ने उसे भाजपा का समर्थन न करने की धमकी दी।
रात के समय विवाद इतना बढ़ गया कि करीब 15 से 20 राजद समर्थक उसके घर के पास पहुंचे और हमला कर दिया।
कान के पास लगी गंभीर चोट
हमले के दौरान अमित कुमार को कान के पास चाकू से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे कटी सीएचसी अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
भाजपा प्रत्याशी सह विधायक पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय भाजपा प्रत्याशी व विधायक मुरारी मोहन झा अस्पताल पहुंचे।
उन्होंने कहा —
“राजद के लोग बौखला गए हैं। इससे पहले भी इसी गांव में मेरे प्रचार वाहन पर हमला किया गया था। अब भाजपा समर्थकों को निशाना बनाया जा रहा है। यह किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी है।”
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।








