दरभंगा, देशज टाइम्स अपराध ब्यूरो प्रमुख। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। इसके लिए मोहल्लेबार उपद्रवियों की सूची पुलिस ने तैयार कर ली है।
पुलिस की यह तैयारी करीब एक महीने से चल रही थी। इसके तहत, सादे लिबास में कई पुलिस कर्मियों ने मोहल्ले के बदमाश लड़कों की सूची बनाकर जिला पुलिस को भेजी है। यही नहीं, कई थानों पर समाज के गणमान्य लोगों और शांति समिति के सदस्यों को लेकर पुलिस ने बैठक की है। साथ ही, उन्हें भी टास्क सौंपा है।






समिति के सदस्यों से कहा गया है कि आप अपने स्तर से शरारती तत्वों की पहचान कर सूची बना लें, ताकि किसी तरह की उपद्रव होने पर उपद्रवियों को पकड़ा जा सके।
सोमवार को डीएसपी कृष्ण नन्दन प्रसाद ने मुहर्रम को शांति प्रिय माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एसएसपी अवकाश कुमार के निर्देश पर यह बैठक आयोजित की जा रही है। सभी थानाध्यक्ष को भी निर्देश है कि अपने अपने थाना क्षेत्रों में बैठक कर जानकारी लेते हुए मुहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का ठोस निर्णय ले।
लहेरियासराय थाना पर जिला शांति समिति के सदस्यों के साथ डीएसपी सदर कृष्णनंदन कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में जिला शांति समिति के सदस्य गणों ने भाग लिया। मौके पर जिला प्रशासन के अलावे लहेरियासराय थाना अध्यक्ष मदन प्रसाद, मोहसिन खान व बहादुरपुर एवं सदर के सीओ सहित अन्य मौजूद कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
डीएसपी श्री प्रसाद ने कहा कि अमन और शांति के साथ इस बार भी मोहर्रम जैसे पवित्र पर्व को संपन्न कराना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस पर्व को शांतिपूर्ण रूप से मनाने के लिए मंदिरों के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
असामाजिक तत्व पर पुलिस और जिला शांति समिति की पूरी निगाह रहेगी। ताकि सभी के सहयोग से शांति के साथ मोहर्रम पर्व लोग मना सके। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की कोई सूचना हो तो पुलिस एवं जिला शांति समिति के सदस्यों को तुरंत दें।
उन्होंने कहा कि अफवाहों पर ध्यान ना दें। डीएसपी ने कहा कि पुलिस की ओर से सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था भी है। उन्होंने सभी दुकानदारों या गृहस्वामियों से भी निवेदन किया है कि अपना अपना सीसीटीवी खोल कर रखें। उन्होंने कहा कि पुलिस वर्दी के अलावे सादी वर्दी में भी विभाग के कर्मी तैनात रहेंगे।
पुलिस की कई कंपनियों को इस अवसर पर लगाया गया है। शांति समिति के सदस्यों ने बारी-बारी से अपनी समस्याओं को रखा। साथ ही, इसका समाधान भी निकाला। कोरोना वायरस की वजह से पिछले 2 सालों से मोहर्रम का पर्व सार्वजनिक रूप से नहीं मनाया जा रहा था।
लोग अपने-अपने घरों में रहकर सभी तरह के पर्व त्योहार मना रहे थे। इधर, जिला शांति समिति एवं जिला मोहर्रम कमेटी के सदस्यों में महासचिव मो कलीमुद्दीन रुस्तम कुरैशी, सरफे आलम तमन्ना, प्रधान जी, डॉ. मुन्ना खान, रीता सिंह, रामनरेश यादव, नफीसुल हक रिंकू, रेयाज खान कादरी, अशोक नायक, दीदार हुसैन चांद, मो. आरजू, मो.उमर, मो. परवेज, मो. अजीजुल, आस मोहम्मद सहित दो दर्जन से ज्यादा जिला शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
लहेरियासराय थानाध्यक्ष मदन प्रसाद ने कहा कि मुहर्रम जैसे पर्व पर अपनी अपनी जिम्मेदारी को हम सभी लोग अच्छी तरह निभाएंगे। उन्होंने कहा हर अखाड़ा से कुछ जिम्मेदार लोगों को अखाड़े की जिम्मेदारी लेनी है, जिन्हें परिचय पत्र भी निर्गत किया जाएगा, जो शांति और अमन के साथ मुहर्रम पर्व को संपन्न कराने में अपना कुरैशी ने भी अपनी तरफ से बातें रखी।
अमन और शांति से मुहर्रम संपन्न कराने के लिए हर संभव सहयोग जिला प्रशासन को देने की बात कही। जिन लोगों के लाइसेंस में जिस रास्ते से होकर आने और जाने की रूट निर्धारित है वहीं से जाएंगे और वापस लौटेंगे। किसी भी तरह के नशा करने वाले लोगों को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा। यह पहली प्राथमिकता होगी। शांति के साथ मुहर्रम संपन्न कराना सभी की जवाबदेही है।
डीएसपी कृष्ण नंदन प्रसाद ने सभी थानाध्यक्षों और उनके तहत काम करने वाले अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी है और कहा है कि एसएसपी श्री कुमार का स्पष्ट निर्देश है कि सरकारी नंबर के अलावे सभी पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने निजी मोबाइल नंबर भी खोलकर रखेंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर सूचनाओं का आदान प्रदान हों सके। अगर कहीं से ऐसी शिकायत आई तो कार्रवाई के हकदार भी बनेंगे।









You must be logged in to post a comment.