बेनीपुर। प्रखंड मत्स्य जीवी सहयोग समिति का चुनाव मंगलवार को प्रखंड के 3 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। 65% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रखंड मुख्यालय में स्थापित मतदान केंद्र पर 569 मतदाता थे जिसमें 325 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जबकि अंचल कार्यालय उत्तरी भाग मतदान केंद्र पर 567 मतदाताओं में 288 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया । लेकिन अंचल कार्यालय दक्षिणी भाग मतदान केंद्र पर सर्वाधिक मतदाताओं ने मतदान किया जहां 568 मतदाताओं में 467 मतदाता मतदान में हिस्सा लिया ।वर्तमान चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए एवं सचिव पद के लिए आमने सामने की टक्कर थी।






जिसमें अध्यक्ष पद के लिए मैनेजर सहनी एवं गंगा देवी के बीच सीधा मुकाबला हुआ । जबकि सचिव पद के लिए दिनेश सहनी एवं भोला साहनी आमने सामने ताल ठोक रहे थे। दूसरी ओर सदस्य के 11 पदों के लिए 23 उम्मीदवारों ने अपना भाग्य का फैसला मतदाताओं के हाथों में सौंप दिया था। देर शाम कर्पूरी सभा भवन में मतों की गिनती होगी और परिणाम की घोषणा की जाएगी।
स्थानीय प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए सभी सुरक्षात्मक उपाय किए गए थे ।सचिव पद के लिए चुनाव लड़ रहे दोनों उम्मीदवारों को प्रशासन ने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से दोपहर ही हिरासत में ले लिया जिन्हें चुनाव संपन्न होने तक थाना में बैठा कर रखा गया।








