

बेनीपुर, देशज टाइम्स ब्यूरो। प्रखंड क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव में आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 132 पर गुरुवार को फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का शुभारंभ बीडीओ अमोल मिश्र, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अर्चना स्नेही एवं स्वास्थ्य प्रबंधक रीना कुमारी ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान बीडीओ ने स्वयं दवा खाकर लोगों को फाइलेरिया से बचने के लिए दवा खाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अर्चना स्नेही ने बताया यह दवा आशा व आंगनवाडी कार्यकर्ता अपने सामने ही मरीजों को खिलायेंगी। उन्होंने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि वह फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपनी पंचायतों में टीम को पूरा सहयाग करें।
इस दौरान दवा खाने से मना करने वालों को समझााकर उन्हें दवा खिलवाने का काम करें। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अर्चना स्नेही ने कहा कि जनसमुदाय में फाइलेरिया और अधिक न फैले इसके बचाव के लिए वह डीईसी (डाई एथायिल कर्बमाजिन) व एल्बेंडाजोल की दवाओं का सेवन सामने ही कराएगी।
उन्होंने बताया कि टीम आयु वर्ग के हिसाब से दवा का डोज अलग-अलग रहेगा। जैसे दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों को कोई भी दवा नहीं दी जायेगी। दो वर्ष से अधिक पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को एक टेबलेट डीईसी व एक टेबलेट एल्बेंडाजोल, पांच वर्ष से अधिक एवं 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को दो टेबलेट डीईसी व एक टेबलेट एल्बेंडाजोल एवं 15 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को तीन टेबलेट डीईसी व एक टेबलेट एल्बेंडाजोल की दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि खाली पेट दवा का सेवन नही किया जाना है। गर्भवती महिलाओं, अति गंभीर रोगो से पीड़ित व्यक्ति एवं दो वर्ष से कम आयु के बच्चों को दवा नहीं खिलायी जानी है। इस दौरान स्वास्थ्य प्रबंधक रीना कुमारी ने बताया कि लोगों में जागरूकता हेतु तीन प्रचार वाहन को क्षेत्र में भेजा गया है। उक्त कार्यक्रम 14 जुलाई तक चलेगा। मौके बीसीएम राजीव रंजन, केयर इंडिया से रघुबीर कुमार, कालाजार सुपरवाइजर विनय कुमार, पीसीआई प्रतिनिधि श्रवण कुमार झा एवं नीरज कुमार झा सहित आदि लोग मौजूद थे।





You must be logged in to post a comment.