
सतीश चंद्र झा, बेनीपुर, दरभंगा। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रथमा पुष्पांकर के आवेदन पर बहेड़ा थाना में आधा दर्जन से अधिक सफाई कर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
आरोप है कि हड़ताली कर्मियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए वैकल्पिक सफाई व्यवस्था को भी रोक दिया।
FIR में लगाए गए आरोप
प्राथमिकी में कहा गया है कि दैनिक सफाई कर्मी मार्शल राम समेत अन्य ने:
नगर क्षेत्र के सभी वार्डों की सफाई कार्य में बाधा डाली
कार्यालय में कर्मियों को प्रवेश करने से रोका
पदाधिकारी, मुख्य पार्षद, उपमुख पार्षद और अन्य पार्षदों के साथ गाली-गलौज की
कार्यालय कर्मियों को धमकाने और एससी/एसटी एक्ट के नाम पर डराने का प्रयास किया
एफआईआर में नामजद कर्मियों में मार्शल राम, विक्की कुमार, शंकर मलिक, रामबाबू मल्लिक, कमलेश मल्लिक, सूरज मेहता, राज बाबू मल्लिक, रुपेश मल्लिक समेत कई अन्य शामिल हैं।
हड़ताल से नगर परिषद की हालत ‘ बदतर ‘
विदित हो कि 8 सितंबर से सफाई कर्मी पांच सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। हड़ताल के कारण नगर परिषद क्षेत्र के मुख्य बाजार और वार्डों में कचरे का ढेर लग गया है।
वैकल्पिक व्यवस्था पर भी रोका गया काम
नगर प्रशासन ने सफाई एजेंसी की मदद से शुक्रवार को आशापुर टावर चौक पर वैकल्पिक सफाई शुरू की, लेकिन हड़ताली कर्मियों ने वहां पहुंचकर सफाई रुकवा दी।
सफाई कर्मी संघ का पक्ष, अध्यक्ष मार्शल राम ने कहा —
सफाई कर्मी संघ के अध्यक्ष मार्शल राम ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। नगर प्रशासन ने दबाव बनाने के लिए मनगढ़ंत और झूठी प्राथमिकी दर्ज की है। उनका कहना है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, हड़ताल जारी रहेगी।