सतीश चंद्र झा, बेनीपुर। जल नल योजना में कथित गड़बड़ी के आरोप में बहेड़ा थाना कांड संख्या 421/20 के अप्राथमिकी अभियुक्त गणेश बनौल बलनी पंचायत के पूर्व मुखिया पंकज कुमार झा को बहेड़ा थाना पुलिस (Former chief who caused irregularities in water tap scheme in Darbhanga arrested) ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों के शिकायत पर तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी अमोल मिश्रा ने गणेश बनौल बलनी पंचायत के जल नल योजना की जांच की थी। जिसमें वार्ड संख्या 10 में 2 लाख 29 हजार एवं वार्ड संख्या 11 में 13 लाख 35 हजार रुपया गबन कर लिए जाने के आरोप साबित हुई थी।
उक्त आलोक में वार्ड संख्या 10 के वार्ड सदस्य विश्वनाथ पासवान एवं सचिव विजय कुमार यादव और वार्ड संख्या 11 के वार्ड सदस्य शत्रुघ्न मुखिया एवं वार्ड सचिव प्रवीण राम के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का पत्र थाना अध्यक्ष को दिया गया था। उक्त आलोक में तत्कालीन थाना अध्यक्ष ने बहेड़ा थाना कांड संख्या 421 /20 अंतर्गत धारा 409 ,420 ,120 बी 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज की गई थी ।
इसके अनुसंधान एवं पर्यवेक्षण के क्रम में वार्ड सचिव एवं वार्ड सदस्य के बयान के आधार पर तत्कालीन मुखिया पंकज कुमार झा के विरुद्ध भी कांड को सत्य पाया गया था। उक्त आलोक में शनिवार को सुबह पूर्व मुखिया को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जबकि उक्त थाना कांड संख्या के नामजद तीन अभियुक्त पूर्व में जेल की हवा खा चुके हैं।