

शहर में चोरी की घटना आम बात हो गई है। कहीं ना कहीं चोरी की घटना जरूर होती है। कोई ऐसी रात नहीं है जिस रात चोरी की घटना नहीं घटती हो। शुक्रवार की रात विवि थाना क्षेत्र के बेला दुल्ला मुहल्ला में चोरों ने खिड़की की ग्रील खोल कर घर के अंदर घुसकर जमकर उत्पात मचाया।
चोरों ने करीब डेढ़ लाख के सामानों पर हाथ फेरा और लेकर फरार हो गया। घटना सुनीत कुमार के घर घटी है।
गृहस्वामी ने बताया कि सुबह जगने के बाद उन्हें पता चला कि घर में चोरी हुई है। चोरों ने घर के तीन दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया था। एक कमरा जिसमें कोई सोया हुआ नहीं था उसकी खिड़की के ग्रील को खोल कर घुसा और एक आलमारी एवं बक्सा को खोल कर उसमें रखे 50 हजार नकद के अलावे करीब एक लाख मूल्य का गहना, एक दर्जन कीमती साड़ी को चोरो ने चोरी कर लिया।
इतना ही नहीं, दो एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, सर्टिफिकेट सहित कई जरूरी कागजात भी अपने साथ ले गया। रात में गृह स्वामी को कुछ भी पता नही चला। सुबह जगने के बाद जब बाहर का दरवाजा खोलना चाहा तो नहीं खुला। पड़ोस के लोगों को आवाज देकर खुलवाया।
इसके बाद स्थिति देख भौचक हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंची और कमरे का वीडियो ग्राफी किया। गृह स्वामी ने चोरी को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है। इधर, करीब पांच दिन पहले इसी तरह की घटना पंडासराय मुहल्ले में घटी थी।
चोर उस घर में घुसते हैं जिस घर में कोई सोने के लिए रहता नहीं है। खाली पड़े घर में ग्रिल तोड़कर चोर घर में घुसते हैं। चोरी कर फरार हो जाते हैं। कहीं ऐसा तो नहीं कि इस गिरोह का कोई व्यक्ति दिन में रैकी करता हो और रात में चोरी की घटना को अंजाम देता हो।
खैर, थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश झा ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। इसके बाद तुरंत अनुसंधान किया जाएगा।

