
बेनीपुर। अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अमित आनंद ने उपकारा बेनीपुर पहुंच कर काराधीन बंदियों से जुड़े अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा जेल में बंद कैदियों को बुनियादी कानूनी सहायता प्रदान करने के लिए “हक हमारा भी तो है @75” अभियान के तहत सभी बंदियों का बारी बारी से प्रश्नोत्तरी कर सर्वे किया जा रहा है।
इस कार्य में पैनल अधिवक्ता शत्रुघन झा और मो. हैदर अली एवं पीएलवी अर्चना झा व गुड़िया कुमारी को लगाया गया है। टीम के सदस्य सर्वे करने के दौरान जरूरी जानकारी भी दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि दूसरी ओर पंचायत स्तर पर लोगों को बुनियादी कानूनी जानकारी देने के लिए आउटरीच टीम का गठन कर भेजा गया है जो पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, आशा कार्यकर्ताओं आदि की मदद से डोर टू डोर जागरूकता अभियान चल रहा है।
यह अभियान 31 अक्टूबर से शुरू हुआ है जो 13 नवंबर तक प्रतिदिन किसी न किसी पंचायत में चलेगा। कारा में कुल 235 बंदी हैं जिसमें 21 महिलाएं एवं दो बच्चे हैं। इस अवसर पर जेल अधीक्षक धीरज कुमार, जेलर भजन दास, प्राधिकार सहायक कुमार गौरव, राजेश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।


