दरभंगा, देशज टाइम्स अपराध ब्यूरो। नगर थाना क्षेत्र रत्नोंपट्टी स्थित नाव घाट मोहल्ले में एक युवक को फंदे से लटका कर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मृतक बिरजू सहनी के 21 वर्षीय पुत्र सोनू सहनी उर्फ बिट्टू है।
शव घर से आधे किलोमीटर की दूरी पर शुभंकरपुर आम के बगीचे से बरामद किया गया है। बिजली के मोटे तार से आम के पेड़ सोनू का शव लटका हुआ था। इसे देखकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ा। आक्रोशित लोगों ने एंबुलेंस को भी घेर लिया। आक्रोशित लोगों ने आगजनी कर इमली घाट के पुल को जाम कर दिया। स्थानीय लोगों के अलावे परिजन हत्या कर शव को लटका देने का आरोप लगा रहे हैं।
सोनू के पांव में जख्म के निशान भी मिले हैं। काफी मशक्कत के बाद नगर थानाध्यक्ष हरि नारायण सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले को लेकर एक महिला सहित चार लोगों को आरोपित किया गया है। फिलहाल पुलिस जांच करने में जुटी है।
बताया जाता है कि रविवार की देर शाम सोनू को कुछ युवक घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद बगीचा के पास उसके साथ मारपीट की। फिर बाद में उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया। इस बीच पूरी रात परिजन सोनू को खोजते रहे।
सुबह में लाश मिलने की सूचना मिलते ही कोहराम मच गया।थानाध्यक्ष एच के सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना के कारणों का पता चलेगा हालांकि हत्यारे को पकड़ने के लिये पुलिस प्रयासरत हैं।
You must be logged in to post a comment.