आंचल कुमारी, कमतौल, दरभंगा | थाना क्षेत्र के मंगरथु गांव स्थित चौक पर सोमवार को करीब साढ़े छह बजे तीन बदमाशों ने पंकज पासवान के साथ मारपीट कर मोबाइल छीनने का प्रयास किया।
पिस्तौल निकालकर किया फायर, लेकिन…चूक गया निशाना
बदमाश काले रंग की बिना नंबर की बाइक पर आए थे।
लूट के प्रयास के दौरान जान मारने की नीयत से एक बदमाश ने पिस्तौल निकालकर फायर किया, लेकिन गोली का निशाना चूक गया।
गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग एकत्रित हुए। यह देख तीनों बदमाश बाइक स्टार्ट करके भागने लगे।
अपने चार साथियों के बताए नाम
स्थानीय लोगों के सहयोग से एक बदमाश पकड़ा गया, जबकि दो अन्य भागने में सफल रहे।
घटनास्थल से एक खाली खोखा बरामद किया गया।
पकड़े गए बदमाश की पहचान थाना क्षेत्र के नवटोलिया निवासी योगेंद्र यादव के पुत्र अरविंद यादव के रूप में हुई।
पूछताछ में पकड़े गए बदमाश ने अपने चार साथियों के नाम बताए।
थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया
पंकज पासवान के आवेदन पर घटना में शामिल पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
पकड़े गए बदमाश को मंगलवार को पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय भेजा गया।
शेष की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
कांड के अनुसंधान का जिम्मा एएसआई राहुल कुमार को सौंपा गया है।