हनुमाननगर | शोभन–एकमी बायपास सड़क पर सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक मुकेश कुमार की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुस्तफापुर निवासी रामबाबू यादव के पुत्र के रूप में हुई है।
अज्ञात वाहन ने मारी जोरदार टक्कर
घटना विशनपुर थाना क्षेत्र के भरौल चौक से पश्चिम की बताई जा रही है, जहां मुकेश अपनी बाइक लगाकर सड़क किनारे खड़ा था। इस दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और शोभन की दिशा में फरार हो गया।
डीएमसीएच में उपचार के दौरान मौत
घायल अवस्था में स्थानीय लोगों ने मुकेश को तत्काल दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
परिवार में मचा मातम
इस हादसे के बाद से परिवार और गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने सड़क पर अंधाधुंध गति से चलने वाले वाहनों पर रोक लगाने की मांग की है।



