सतीश चंद्र झा, बेनीपुर, देशज टाइम्स: महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय पोषण माह 2025 की सफलता सुनिश्चित करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय में बाल विकास परियोजना कर्मियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार झा ने कहा कि प्रखंड स्तरीय अभिसरणकारी योजना की सफलता के लिए जनजागरूकता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बाल विकास परियोजना की सभी पर्यवेक्षिकाओं को निर्देश दिया कि वे आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका के माध्यम से ग्रामीणों को पोषण संबंधी जानकारी दें।
मुख्य विषयों में शामिल थे: मोटापा नियंत्रण, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं पोषण शिक्षा, शिशु और बाल्याहार प्रथाएं, पुरुषों की सहभागिता।
बैठक में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी रंजीत कुमार, महिला पर्यवेक्षिकाएँ रूपम सिंह, अख्तरी बेगम, विभा कुमारी, रीना कुमारी, प्रधान सहायक बृजेश झा सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।
पदाधिकारी ने सभी कर्मियों को ग्रामीण स्तर पर अधिक से अधिक लोगों तक पोषण जागरूकता पहुँचाने और पोषण माह को सफल बनाने का निर्देश दिया।