
दरभंगा, देशज टाइम्स अपराध ब्यूरो। लहेरियासराय थाना में चार वर्ष पूर्व एक दारोगा के साथ हुए दुर्व्यवहार के मामले में न्यायालय से वारंट निर्गत होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इस मामले में मजेदार पहलू यह है कि एसएसपी के निर्देश के बावजूद थानाध्यक्ष कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। बहादुरपुर के थाना अध्यक्ष इस मामले में एसएसपी समेत न्यायालय को ठेंगा दिखा दिया है।
थक-हारकर पीड़ित बिहार पुलिस एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष पुअनि रंजन कुमार ने पत्र के माध्यम से आईजी को अवगत कराया है। लेकिन, इस आवेदन पर भी खबर लिखे जाने तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
पुअनि रंजन ने कहा है कि ऑन डयूटी पुलिस वर्दी में कर्तव्य निर्वहन के दौरान कुछ लोंगों ने उनके साथ दुस्साहसिक घटना को अंजाम दिया था। इस आलोक में लहेरियासराय थाना में प्राथमिकी (250/18) दर्ज करायी गई थी। उन्होंने आई जी को दिए आवेदन में कहा है कि चार साल बीत जाने को है लेकिन उस दबंग लोगों की गिरफ्तारी अब तक पुलिस ने नहीं की।
उन्होंने बताया कि इस मामले में न्यायालय ने वारंट भी निकाला था, फिर भी गिरफ्तारी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी नहीं होने के कारण कुर्की जब्ती की कार्रवाई न्यायालय ने निर्गत कर दिया इसके बावजूद बहादुरपुर थाने की पुलिस कुर्की जब्ती की कारवाई नहीं कर रही है। दयानंद चौधरी के पुत्र केतन कुमार एवं कारी चौधरी के पुत्र संजीव चौधरी बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार निवासी हैं जो इस मामले के आरोपी हैं।
पुअनि रंजन का कहना है कि पुलिस के इस ढुलमूल रवैये के कारण ही पुलिस के साथ लोग गलत व्यवहार कर देते हैं। इस बाबत जब बहादुरपुर थाना अध्यक्ष से जानकारी लेने के बाबत शाम के छह बजे फोन किया तो उन्होंने फोन ही नहीं उठाया।





You must be logged in to post a comment.