
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता जी के खिलाफ राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के कार्यक्रम के दौरान अभद्र टिप्पणी किए जाने के विरोध में एनडीए ने सोमवार को बिहार बंद का आह्वान किया। इसी कड़ी में अलीनगर प्रखंड में भी बंद शांतिपूर्ण तरीके से सफल रहा।@मनोज कुमार झा,अलीनगर, देशज टाइम्स।
सड़क जाम और नारेबाजी
एनडीए कार्यकर्ताओं ने एसएच-88 (SH 88) पकरी चौक पर सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया।कार्यकर्ताओं ने “प्रधानमंत्री की माता का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और “राहुल-तेजस्वी माफी मांगो” जैसे नारे लगाए। महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी रही और उनमें आक्रोश साफ देखा गया।जाम के कारण आम लोगों और यात्रियों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। कई लोग गली-मोहल्लों के रास्ते से निकलते देखे गए।
नेतृत्व और उपस्थिति
इस बंद को सफल बनाने में भाजपा नेताओं की सक्रिय भूमिका रही। भाजपा पूर्वी जिला अध्यक्ष विनय पासवान, जिला महामंत्री संजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह, मंडल अध्यक्ष लाल मुखिया, ललित मोहन मिश्रा, प्रभाकर झा, संतोष मंडल, श्रवण कुमार झा, अशोक सदा, महिला मोर्चा से सोनिया देवी, सैकड़ों कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासन की सतर्कता
किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए थाना अध्यक्ष विनय मिश्रा पुलिस बल के साथ पूरे समय धरना स्थल पर मौजूद रहे। जाम के बीच से गुजर रही एंबुलेंस को बंद समर्थकों ने शांतिपूर्वक रास्ता दिया।
जनजीवन पर असर
बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रभावी रहा। इस दौरान जनजीवन पूरी तरह प्रभावित दिखा। दोपहर बाद यातायात और बाजार की स्थिति सामान्य हो गई।