

उत्तम सेन गुप्ता, बिरौल देशज टाइम्स डिजिटल डेस्क। 27 फरवरी को आयोजित होनेवाले बिहार पुलिस दिवस के मद्देनजर पर बिरौल थाना पुलिस की ओर से मंगलवार को दूसरे दिन क्षेत्रों में जन सहभागिता रैली निकाली गई।
अवर पुलिस निरीक्षक राहुल कुमार के नेतृत्व में निकाले गए रैली विभिन्न पंचायत के गांव व टोला के घरों तक पहुंचा। इस दौरान पुलिस पदाधिकारी ने साइबर क्राइम, मद्य निषेध सहित कई अन्य महत्वपूर्ण विषय में सामान्य लोगों को विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने साइबर क्राइम से बचने, एटीएम फ्रॉड, मोबाइल से ठगी से बचने के उपाय बताया। अवर पुलिस निरीक्षक राहुल कुमार ने राज्य में शराब बंदी कानून पर चर्चा करते हुए कहा कि शराब पीने से स्वास्थ्य जहां खराब होता है वहीं कानून का उल्लंघन भी होता है।
उन्होंने सभी लोगों से शराब पीने से परहेज करने की अपील की।इसके अलावा लोगों से भीड़ से बचने एवं किसी भी प्रदर्शन के दौरान बेवजह सरकारी संपत्ति का नुकसान नहीं करने की बात कही। चूंकि क्षति होने वाले सरकारी सम्पत्ति आपकी और राष्ट्र की है। जानकारी के अनुसार पुलिस की ओर से जन सहभागिता रैली 24 फरवरी तक चलाया जाएगा।


