

उत्तम सेन गुप्ता, बिरौल देशज टाइम्स डिजिटल डेस्क। इस उमसभरी गर्मी मे भी विभाग लोगों को सही रूप से बिजली सप्लाई देने में कामयाब नहीं हो रही है। ऐसे में, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से जनता को दिये 24 में 22 घंटा बिजली सप्लाई की घोषणा सिर्फ घोषणा बनकर रह गई है।
वर्तमान समय में अनुमंडल में बिजली की लचर व्यवस्था से उपभोक्ता काफी परेशान हैं। एक तो बिजली की आंख मिचौली और दूसरी ओर लो वोल्टेज की समस्या से लोग पिछले कई महीनों से परेशान हैं।
इसकी शिकायत करने पर भी समस्या को दूर करने के बजाय विभाग सुनने को तैयार नहीं है। विभाग की लचर व्यवस्था से 24 घंटे के दिन रात में महज 10 से 12 घंटा ही बिजली मिल पा रही है।
बिजली सप्लाई के इस कदर आने और जाने से उपभोक्ताओं को उमसभरी गर्मी में जग कर रात बिताना पड़ता है। टाउन फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं में मो.नौशाद, अभिजीत कुमार, विनोद गोयल, मोनू कुमार, मो.दाउद सहित दर्जनों लोगों का कहना है कि एक तो बिजली की आंख-मिचौली होना। साथ ही, पिछले दो माह से वोल्टेज के कारण लोग परेशान हैं।
इन लोगों ने बताया कि विभागीय पदाधिकारी से इस समस्या की शिकायत की गई थी बावजूद इसमें सुधार होने के बजाय स्थिति यथावत बनी हुई है। जबकि इस क्षेत्र से सबसे अधिक रेवेन्यू विभाग को भुगतान किया जाता है।
बावजूद, यहां की समस्या को सुनने और सुधारने में पदाधिकारी नजरअंदाज कर रहे हैं। विभागीय जेई सौरभ कुमार ने बताया कि बुधवार की रात 1 लाख 32 हजार के सप्लाई लाइन में अचानक गड़बड़ी आ जाने से चार घंटे बिजली बाधित रहा।
लो वोल्टेज में सुधार करने के लिए पुराने ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए पत्राचार किया जा रहा है। मामला जो भी हो लेकिन गर्मी आते ही बिजली सप्लाई में हो रहे कटौती के पीछे का कारणों का जवाब चाहते हैं बिरौलवासी।

