आंचल कुमारी, कमतौल, दरभंगा। ब्रह्मपुर पश्चिमी पंचायत के पौनद वार्ड संख्या 12 में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में किसान अर्जुन सहनी की मौत हो गई। यह हादसा खेत में पटवन के दौरान मोटर से करंट लगने के कारण हुआ।
मोटर में करंट आने से हुई मौत, मौके पर ही तोड़ा दम
ग्रामीणों और सरपंच राम दिनेश ठाकुर ने बताया कि अर्जुन सहनी खेत में लगे बोरिंग मोटर से पटवन कर रहे थे, तभी मोटर में करंट दौड़ने लगा। जैसे ही उन्होंने मोटर को छुआ, वे करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
ससुराल में रहकर कर रहे थे खेती, सिंहवाड़ा के मूल निवासी थे
मृतक अर्जुन सहनी, मूल रूप से भजौरा गांव, थाना सिंहवाड़ा के निवासी थे, लेकिन करीब 30 वर्षों से पत्नी के साथ ससुराल (पौनद) में ही रह रहे थे। उनके बहनोई सुशील सहनी ने बताया कि वह रामचंद्र सहनी के दामाद थे और विवाह के बाद से यही पर खेती-बारी करते थे।
गांव में पसरा मातम, परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में
अर्जुन सहनी की अचानक मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों ने अर्जुन सहनी के अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने खेतों में विद्युत सुरक्षा उपायों की कमी पर चिंता जताई है।