
बेनीपुर। बुधवार को प्रखंड के हावीभौआर महिनाम एवं बाथो रढ़ियाम पंचायत के विभिन्न योजनाओं का जांच अधिकारियों की ओर से की गई । इस दौरान जल नल योजना में व्यापक अनियमितता प्रकाश में आयी।
एसडीओ शंभुनाथ झा ने हावीभौआर पंचायत के नल जल, आंगनबाड़ी, पीडीएस, जल जीवन हरियाली, विद्यालय आदि योजनाओं का गहन जांच की। जांच के बाद उन्होंने बताया कि प्राथमिक विद्यालय नरही टोल की शैक्षणिक व्यवस्था पूर्ण लचर दिखा, विद्यालय में 4 कक्षा 4 शिक्षक एवं चार कमरा रहते हुए एक ही कमरे में वर्ग 1 से 4 तक के बच्चों को एक साथ बैठा कर एक शिक्षक पढ़ा रहे थे।
अन्य शिक्षक बैठकर समय पास कर रहे थे। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने प्रधानाध्यापक विरुद्ध कार्रवाई के लिए रिपोर्ट की जाने की बात कही। वहीं उन्होंने कहा कि वार्ड 11, 13 एवं 18 मे पंचायत से बने तो वार्ड 6 में पीएचडी की ओर से बनाया गया नल जल बंद पाया गया।
इसके अलावा आंगनबाड़ी, जल जीवन हरियाली, पीडीएस आदि योजना संतोषप्रद दिखा। सीओ भुवनेश्वर झा ने बाथोरढियाम पंचायत के नल जल, आंगनवाड़ी ,मध्य एवं माध्यमिक विद्यालय गली नली, राजकीय नलकूप आदि की जांच की। उन्होंने कहा कि जहां राजकीय नलकूप बंद है, वही गली नली का कार्य संतोषप्रद नहीं दिखा,जबकी विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था नल जल एवं आंगनवाडी केन्द्र के कार्यों को उन्होंने सराहना की।
उन्होंने कहा कि पंचायत में आवास निर्माण कार्य संतोषप्रद नहीं दिखा । दूसरी ओर बीडीओ अमोल मिश्र की ओर से महिनाम पंचायत के विभिन्न योजनाओं की जांच की गई। उन्होंने कहा कि पंचायत से बने दो नल जल से जल आपूर्ति बंद पाया गया। मध्य विद्यालय खभना में चावल के अभाव में मध्यान भोजन बंद था। उन्होंने कहा कि आवास योजना के तहत 50 लाभुकों द्वारा गृह निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है ।



