जाले (दरभंगा), देशज टाइम्स। प्रखंड क्षेत्र में नाबालिगों द्वारा तेज रफ्तार व नियमविहीन बाइक चलाने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इसका खामियाजा सोमवार को दो परिवारों को गहरे सदमे के रूप में झेलना पड़ा, जब दो नाबालिग किशोर एक गंभीर दुर्घटना का शिकार हो गए।
बिना लाइसेंस और हेलमेट चला रहे थे बाइक, रास्ते में हुआ हादसा
सहसपुर पंचायत के चंदौना गांव निवासी सुरेन्द्र मंडल का पुत्र अजीत कुमार (17) और ललन मंडल का पुत्र अंकुश कुमार (16) सोमवार सुबह अपनी मौसी के घर मधुबनी स्थित अरेर गए थे। लौटते समय बेनीपट्टी के चैतन्य कुटी के समीप उनकी बाइक की एक अज्ञात चार पहिया वाहन से टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक समेत दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। अजीत कुमार के ऊपर से वाहन गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अंकुश कुमार गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
दुर्घटना में घायल अंकुश कुमार को मधुबनी सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वह जीवन और मौत से जूझ रहा है।
एकलौता पुत्र खोने से टूटा परिवार, गांव में मातम पसरा
अजीत कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। घटना की खबर मिलते ही पूरा चंदौना गांव शोक में डूब गया। घर की महिलाएं चीत्कार कर रही थीं, जिससे गांव का माहौल अत्यंत गमगीन और संवेदनात्मक हो गया।
सहसपुर पंचायत के मुखिया रामयाद महतो ने घटना की पुष्टि करते हुए गहरी संवेदना प्रकट की है।
स्थानीय लोगों की मांग – नाबालिगों पर हो सख्त कार्रवाई
आमजन का कहना है कि सड़कों पर नाबालिगों द्वारा बाइक दौड़ाना जानलेवा बनता जा रहा है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर निगरानी बढ़ाई जाए और बिना लाइसेंस व हेलमेट के वाहन चलाने पर कड़ी कार्रवाई हो।