सतीश झा, दरभंगा, देशज टाइम्स। दरभंगा की शादी में डीजे पर अश्लील गाना बजाने को लेकर खूनी संघर्ष में महिला समेत 10 लोग जख्मी हो गए। वारदात, बेनीपुर नवटोलिया में हुआ। यहां दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट ने हिंसक रूप ले लिया। जख्मियों को तत्काल डीएमसीएच रेफर करते पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।
जिले के बेनीपुर बहेड़ा थाना क्षेत्र के नवटोलिया गांव में एक शादी समारोह का माहौल उस समय हिंसक हो गया जब डीजे पर अश्लील गाना बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में एक महिला सहित कुल 10 लोग घायल हो गए।
डीजे पर अश्लील गीत बजाने से शुरू हुआ विवाद
घटना के अनुसार, शादी समारोह में जब डीजे पर अश्लील गीत चलाया गया, तो महाजन सहनी ने इसका विरोध किया। लेकिन दूसरे पक्ष, जिसमें करण सहनी और उनके समर्थक थे, उन्होंने गाना बंद करने से इंकार कर दिया। इससे दोनों पक्षों में वाद-विवाद, फिर गाली-गलौज, और अंततः मारपीट शुरू हो गई।
घायल हुए लोगों में महिला भी शामिल
इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों से कुल 10 लोग घायल हो गए। पहले पक्ष से घायलों में लाल सहनी, करण सहनी, प्रेम सहनी, हीरा देवी (महिला), विकास सहनी, वसंत सहनी, उपेंद्र सहनी शामिल हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से घायलों में सुरेश सहनी, अमरजीत सहनी शामिल हैं। घायलों को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें डीएमसीएच (DMCH) रेफर कर दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी, मामला दर्ज होने की प्रक्रिया जारी
बेनीपुर बहेड़ा थाना पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस द्वारा मारपीट व अशांति फैलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।