

बिरौल देशज टाइम्स डिजिटल डेस्क। सरकार के पथ निर्माण विभाग द्वारा मुख्य मार्ग को भले ही चकाचक किया जा रहा हो लेकिन अनुमंडल के दर्जनों पंचायत ऐसे हैं जहां ग्रामीण सड़कों की हाल बद से बदतर बनी हुई है।
पथ निर्माण विभाग की अनदेखी से कई पंचायत के ग्रामीण सड़क को जर्जर स्थिति में छोड़ दिया गया है। दर्जनों ऐसे गांव हैं जहां पक्की सड़क के माध्यम से मुख्य मार्ग मे अभी तक जुड़ नहीं पाया है।
खबर के साथ छपी फोटो बिरौल प्रखंड के डुमरी पंचायत के डुमरी गांव की है। 18 वर्ष पूर्व निर्माण किया गया यह ग्रामीण सड़क जो बिरौल-कुशेश्वरस्थान एसएच 56 के जीरो माइल से डुमरी गांव से गुजरते हुए पुनः मुख्य मार्ग में जुड़ती है। जो वर्षों से जर्जर स्थिति में है।
बताया जाता है कि जब से सड़क का निर्माण किया गया है तब से इसकी मरम्मत तक नहीं किया गया है। यही वजह है कि हल्की बारिश में ही गांव के सड़क पर जल जमाव हो जाता है।
लोगों का कहना है कि मानसून आने से पूर्व जब यह हाल है तो आने वाले समय मे ग्रामीण सड़कों का क्या हाल होगा।





