
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली देने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को एसएच 75 (SH-75) पर कमतौल थाना के समीप सड़क जाम कर दिया। सुबह 7 बजे से लेकर करीब 12 बजे तक चले इस आंदोलन से आवागमन बाधित रहा।@आंचल कुमारी,कमतौल (दरभंगा), देशज टाइम्स।
पांच घंटे तक ठप रहा यातायात
भाजपा कार्यकर्ताओं ने बांस-बल्ला लगाकर सड़क पर आवागमन रोक दिया, जिसके कारण दोनों ओर भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई। छोटे वाहन चालक वैकल्पिक रास्ते से गंतव्य तक पहुंचते दिखे। करीब पांच घंटे बाद दोपहर 12 बजे जाम हटने के बाद सड़क पर यातायात सामान्य हुआ।
कार्यकर्ताओं का आक्रोश
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने कहा कि—प्रधानमंत्री की मां का अपमान, पूरे देश का अपमान है। मां का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान। उनका कहना था कि पीएम की मां को अपमानित करना देश की संस्कृति और भावनाओं पर चोट करना है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भाजपा नेताओं की मौजूदगी
जाम और विरोध प्रदर्शन मंडल अध्यक्ष वीणा कुमारी मिश्रा की अध्यक्षता में हुआ।
इस मौके पर भाजपा के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख थे—
महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष अंजनी निषाद, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हेमन्त झा, मंडल महामंत्री विनय सिंह और संजीत यादव, किसान मोर्चा अध्यक्ष पप्पू ठाकुर, युवा मोर्चा अध्यक्ष समित ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष रघुनंदन ठाकुर, आईटी सेल संयोजक संजीव चौधरी, कोषाध्यक्ष शिव कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष निर्मल ठाकुर, अवधेश ठाकुर, कृष्णमोहन यादव, जिला मंत्री रिंकी देवी, अतिपिछड़ा मोर्चा से संजीत शर्मा और रघुनाथ यादव, शक्ति केंद्र प्रमुख मुन्ना सिंह शामिल थे।