

बिरौल देशज टाइम्स डिजिटल डेस्क। जमालपुर थाना अन्तर्गत बड़गांव ओपी परिसर में शनिवार को अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष चन्द्र चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित अपराध गोष्ठी में कई गंभीर विषयों पर चर्चा हुई।
इसमें एसडीपीओ ने सभी अनुसंधानकर्ताओं को लंबित कांडों मे फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी जल्द सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भ्रमण के दौरान एसडीपीओ, पुलिस अंचल निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष की ओर से लंबित कांडों के आरोपी की गिरफ्तारी कर लिये जाने पर संबंधित अनुसंधानकर्ता के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई होना तय है।
उन्होंने उपस्थित सभी थानाध्यक्षों से अपने अपने कार्य क्षेत्र में चोरी की घटना पर अंकुश लगाने को कहा, साथ ही संदिग्ध व्यक्ति को चिन्हित कर उसके संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त करने का निर्देश दिया। शराब तस्करों एवं बदमाशों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए पुलिस गश्त एवं वाहन जांच लगातार जारी रखने को कहा।

